मुजफ्फरनगर के भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना RLD में शामिल हुए

मुजफ्फरनगर के मीरापुर सीट से भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने पार्टी छोड़ आरएलडी में शामिल हो गए हैं। अवतार चार बार के सांसद रहे हैं। बुधवार सुबह उन्होंने आरएलडी चीफ जयंत चौधरी से मुलाकात की। इसकी तस्वीर भी जयंत ने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
पहले चरण के नामांकन की तिथियां नजदीक आते ही सियासी मैदान में उठापटक तेज हो गई है। मुजफ्फरनगर के मीरापुर से भाजपा के विधायक अवतार भड़ाना के रालोद में शामिल हो गए। गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर वह गौतमबुद्धनगर की जेवर विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे हैं।
भाजपा के टिकट पर मीरापुर से अवतार भड़ाना ने 69 हजार 35 वोट हासिल किए थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के लियाकत अली ने 68842 वोट हासिल किए थे।
बुधवार को रालोद में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिस पर उन्होंने विराम लगा दिया। उन्होंने रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। जेवर विधानसभा पर गठबंधन के गुर्जर प्रत्याशी के तौर पर वह भाजपा के प्रत्याशी के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं।